आकर्षण पराशर, शिमला। हिमाचल टॉप न्यूज़
अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव आज से हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आयोजित किया जा रहा है। इसमें देश भर से 425 से अधिक लेखक, विद्वान, अनुवादक, फिल्मकार, कलाकार और पत्रकार भाग लेंगे। इसमें भाग लेने के लिए बॉलीवुड के जाने-माने गीतकार गुलजार समेत कई गण्यमान्य प्रतिभागी शिमला पहुंच गए हैं। इस उत्सव का आयोजन भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय और साहित्य अकादमी संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इस आयोजन में हिमाचल प्रदेश भाषा एवं संस्कृति विभाग भी सहयोग कर रहा है। बुधवार को साहित्य अकादमी के सचिव के श्रीनिवास राव ने शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि 16 से 18 जून के बीच यह देश का अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव होगा। ‘उन्मेष : अभिव्यक्ति का उत्सव’ शीर्षक से आयोजित किए जा रहे इस उत्सव में 32 एलजीबीटीक्यू लेखक, 40 आदिवासी भाषाओं, 25 उत्तरी-पूर्वी क्षेत्रों, नौ प्रवासी भारतीय, नौ विदेशी लेखकों सहित 24 अन्य प्रमुख भारतीय भाषाओं के 300 लेखक उपस्थित रहेंगे। यानी 64 आदिवासी-भारतीय भाषाओं में संवाद से युक्त यह उत्सव होगा। शिमला के गेयटी हेरिटेज कल्चर कांप्लेक्स के अलावा रिज क्षेत्र में छह स्थानों पर हो रहे इस उत्सव में देश के वरिष्ठतम रचनाकारों से लेकर युवा पीढ़ी के लेखक और कलाकार शामिल होंगे। इनमें 65 से ज्यादा कार्यक्रम होंगे। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में पुस्तकों की भूमिका, साहित्य और स्वतंत्रता आंदोलन, मीडिया साहित्य जैसे विषयों के अलावा साहित्य और सिनेमा, भारतीय कालजयी कृतियां और विश्व साहित्य, आदिवासी लेखकों के समक्ष चुनौतियां, रचना पाठ जैसे विभिन्न कार्यक्रम होंगे। चर्चित नामों में बुकर पुरस्कार विजेता गीतांजलि श्री, गौतम घोष, एसएल भैरप्पा, सई परांजपे, मोहम्मद आरिफ खान, नमिता गोखले, सुरजीत पातर, रघुवीर चौधरी, विश्वास पाटिल, रंजीत हॉस्कोटे, पॉल जकारिया, चंद्रशेखर कंबार समेत कई गण्यमान्य लोग शिमला आ रहे हैं।